नैनीताल: जनपद नैनीताल में पंचायत चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं की मजिस्ट्रियल जांच आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है। शासन के गृह अनुभाग ने इसकी जिम्मेदारी कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत को सौंपी है।
जानकारी के अनुसार, थाना बेतालघाट क्षेत्र के भुजान-बेतालघाट-गर्जिया मोटर मार्ग पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख के निर्वाचन के दौरान गोलाबारी हुई थी। वहीं, थाना तल्लीताल क्षेत्र में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के दिन भी कानून-व्यवस्था बिगड़ गई थी।
इन दोनों घटनाओं की पारदर्शी जांच के लिए आयुक्त दीपक रावत ने आम जनता से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के पास घटनाओं से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी, तथ्य, साक्ष्य या व्यक्तिगत बयान हो, वे एक सप्ताह के भीतर जांच में सहयोग कर सकते हैं।
साक्ष्य या बयान दर्ज कराने के लिए लोग कार्यालय आयुक्त, कुमाऊं मंडल, नैनीताल या कैम्प कार्यालय, खाम बंगला, हल्द्वानी में कार्यालय समय — सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक उपस्थित हो सकते हैं।
संपर्क सूत्र:
कार्यालय आयुक्त, कुमाऊं मंडल, नैनीताल : 05942-235750
आयुक्त कैम्प कार्यालय, हल्द्वानी : 05946-225589
आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सभी प्राप्त जानकारियों को गोपनीय रखा जाएगा और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की भागीदारी से जांच प्रक्रिया और अधिक सटीक एवं विश्वसनीय बन सकेगी।
