
देहरादून: उत्तराखंड भाजपा की कमान एक बार फिर राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को सौंपी गई है। सोमवार को उन्हें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए निर्विरोध चुना गया। पार्टी की प्रदेश परिषद बैठक के दौरान भाजपा के केंद्रीय चुनाव प्रभारी और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने उनके दोबारा अध्यक्ष बनने की घोषणा की।
महेंद्र भट्ट ने सोमवार को ही अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया था और कोई अन्य प्रत्याशी नहीं होने की वजह से उनका निर्विरोध चुनाव तय माना जा रहा था। अब पार्टी की औपचारिक घोषणा के साथ भट्ट लगातार दूसरी बार भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष बन गए हैं।
2027 विधानसभा चुनाव की जिम्मेदारी भट्ट के कंधों पर-
पार्टी नेतृत्व ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भट्ट को फिर से अध्यक्ष बनाया है। सूत्रों का कहना है कि भट्ट और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच मजबूत सामंजस्य भी इस फैसले का एक अहम कारण रहा है। भाजपा अब इन्हीं दोनों नेताओं के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी। भट्ट 2022 में पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बने थे। उनके कार्यकाल में भाजपा ने 2024 लोकसभा चुनाव में सभी 5 सीटें जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही नगरीय निकाय चुनाव में भी पार्टी ने अच्छी सफलता हासिल की। इसके बाद संगठन में उनका प्रभाव और गहराया, जिसके चलते उन्हें राज्यसभा भी भेजा गया। बैठक में भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए उत्तराखंड से 8 सदस्यों के नामों की घोषणा भी की गई। ये सदस्य पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए वोटिंग करेंगे। केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने इन नामों की भी घोषणा की।
घोषित राष्ट्रीय परिषद सदस्य:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा
डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत
सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह
सांसद अजय भट्ट
कल्पना सैनी