टिहरी: एशिया के सबसे बड़े बांधों में शामिल टिहरी झील के किनारे कोटी कॉलोनी में चल रहे एक्रो फेस्टिवल और एसआईवी चैंपियनशिप के दौरान गुरुवार को बड़ा हादसा होते-होते बच गया। पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के दौरान दो पैराग्लाइडर अचानक अनियंत्रित हो गए और सीधे टिहरी झील में जा गिरे। राहत की बात यह रही कि मौके पर पहले से तैनात एसडीआरएफ की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के मुताबिक कोटी कॉलोनी में इन दिनों टिहरी एक्रो फेस्टिवल और नेशनल एसआईवी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जा रहा है। गुरुवार 29 जनवरी को पैराग्लाइडिंग के दौरान तकनीकी या संतुलन बिगड़ने के कारण दो पायलट झील में गिर गए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रतापनगर क्षेत्र और झील में एसडीआरएफ की विशेष रेस्क्यू टीमें पहले से मौजूद थीं।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ के जवान बिना देरी किए झील में उतरे और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। दोनों पायलटों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक चिकित्सकीय जांच कराई गई। जांच में दोनों पूरी तरह सुरक्षित पाए गए, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
गौरतलब है कि इससे पहले भी वर्ष 2024 में टिहरी में आयोजित एक्रो पैराग्लाइडिंग चैंपियनशिप के दौरान हादसा हुआ था। उस दौरान एक एक्रो पायलट टेक ऑफ प्वाइंट पर संतुलन बिगड़ने से गिरकर घायल हो गया था, जिसे एसडीआरएफ ने रेस्क्यू कर एम्स ऋषिकेश भेजा था।
बताया जा रहा है कि कोटी कॉलोनी में चल रहे अंतरराष्ट्रीय एक्रो फेस्टिवल 2026 में 11 देशों के 57 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इस दौरान एरियल सिल्क, एरियल हूप, स्लैकलाइन और पैरा से जुड़े विभिन्न एक्रोबेटिक और साहसिक खेलों का प्रदर्शन किया जा रहा है। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन और एसडीआरएफ लगातार नजर बनाए हुए है।
