हल्द्वानी: हल्द्वानी में फर्जी प्रमाणपत्र बनाए जाने की शिकायतों ने प्रशासन को अलर्ट कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के बाद नैनीताल प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। शहर के कई कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर छापेमारी अभियान जारी है।
ताजा कार्रवाई में तहसील में तैनात वेंडर्स की जांच की गई, साथ ही खानचंद मार्केट स्थित कई सीएससी केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जांच टीम ने पाया कि कई केंद्र बंद थे, जबकि कुछ संचालक मौके से अनुपस्थित मिले। कई केंद्रों पर जरूरी मानकों का पालन न किए जाने और दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने पर लगभग 48 प्रमाणपत्रों को निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसडीएम हल्द्वानी राहुल शाह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सरकारी सेवा के लिए आवेदन करते समय केवल मूल और सही दस्तावेज ही अपलोड करें। अधूरे या फोटोस्टेट दस्तावेज देने पर आवेदन अस्वीकार हो सकता है और शिकायत की स्थिति में कार्रवाई भी की जा सकती है।
प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि फर्जी दस्तावेज बनाने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
