हल्द्वानी: शहर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में देर रात एक रेस्टोरेंट में लगी भीषण आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। कुछ ही देर में रेस्टोरेंट पूरी तरह से जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक रेस्टोरेंट का ऊपरी हिस्सा और लाखों का सामान जल चुका था।
रेस्टोरेंट स्वामी के अनुसार, आग की शुरुआत रेस्टोरेंट के पास लगे बिजली के पोल से तेज स्पार्किंग के कारण हुई। उन्होंने बताया कि कई बार बिजली विभाग को ढीले तारों और खराब कनेक्शन की शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्वामी का कहना है कि विभागीय लापरवाही ने उनकी मेहनत की कमाई राख में बदल दी।
आग से रेफ्रिजरेटर, फर्नीचर, रसोई उपकरण और जरूरी दस्तावेज पूरी तरह जल गए। आग इतनी भीषण थी कि आसपास की दुकानों तक फैलने का खतरा बन गया, लेकिन फायर ब्रिगेड टीम की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
फायर अधिकारी मिंदर पाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया। प्रारंभिक जांच में आग का कारण विद्युत शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर विभाग पहले ही चेत जाता, तो इतनी बड़ी क्षति टाली जा सकती थी।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग ने जांच शुरू कर दी है।
