चमोली: जिले में बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हेलंग–उर्गम मोटर मार्ग पर बारातियों से भरी मैक्स गाड़ी (UK 11 TA 1685) अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
गाड़ी के खाई में गिरते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अंधेरा और खाई की गहराई के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतें आईं।
सवार थे कुल 5 लोग
ज्योतिर्मठ एसडीएम चंद्रशेखर वशिष्ठ ने बताया कि वाहन में कुल 5 लोग सवार थे।
इनमें से 2 लोगों की मौत हो गई।
3 घायलों को रेस्क्यू कर सुरक्षित ऊपर लाया गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल लोगों में से 2 को एंबुलेंस के जरिए ज्योतिर्मठ स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जबकि एक अन्य को भी उपचार के लिए वही ले जाया जा रहा है।
चिकित्सा विभाग अलर्ट पर
मुख्य चिकित्सा अधिकारी अभिषेक गुप्ता ने बताया कि गोपेश्वर जिला चिकित्सालय को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि घायलों को रेफर किए जाने पर तत्काल इलाज मिल सके। वहीं तहसील प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार मौके पर मौजूद है।
हादसे में जान गंवाने वाले
कन्हैया सिंह, पुत्र धीरेंद्र सिंह (20 वर्ष), निवासी: सलूड़, ज्योतिर्मठ
ध्रुव, पुत्र कुशाल सिंह, निवासी: सलूड़, ज्योतिर्मठ
हादसे में घायल
कमलेश सिंह, पुत्र मुरली सिंह (25 वर्ष) — निवासी: पल्ला, ज्योतिर्मठ (वाहन चालक)
मिलन, पुत्र मनोहर सिंह (28 वर्ष) — निवासी: सलूड़, ज्योतिर्मठ
पूरण सिंह, पुत्र धन सिंह (55 वर्ष) — निवासी: चमोली
