हल्द्वानी: शहर के ट्रांसपोर्ट नगर चौकी क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गाना सेंटर के पास यूपी रोडवेज मुरादाबाद डिपो की बस और टाटा मैजिक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रुद्रपुर से यात्रियों को लेकर हल्द्वानी आ रही टाटा मैजिक के सामने अचानक बस आ गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मैजिक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।
डॉक्टरों के अनुसार, घायलों में से कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के चलते क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
