गुलदार का खौफ
अल्मोड़ा: जिले के सल्ट क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया। जंगल में लकड़ी लेने गए एक बुजुर्ग व्यक्ति पर बाघ ने हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, तड़म (बेलम) गांव निवासी 60 वर्षीय खीम सिंह रोज की तरह सुबह जंगल गए थे। वह प्रतिदिन लकड़ी लेने जाते थे और समय पर लौट आते थे, लेकिन इस बार देर होने पर परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद ग्रामीणों के साथ मिलकर उनकी तलाश शुरू की गई।
खोज के दौरान जंगल में खून के निशान मिलने पर आशंका गहराई और आगे बढ़ने पर खीम सिंह का शव मिला, जो बुरी तरह क्षतिग्रस्त अवस्था में था। इस घटना ने ग्रामीणों को झकझोर कर रख दिया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से बाघ को जल्द पकड़ने और इलाके में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। साथ ही पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई है।
