नैनीताल: मंगलवार को नैनीताल क्लब सभागार में वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं और उनके समाधान को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में विधायक सरिता आर्या, वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा, शांति मेहरा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान को लेकर अपनी प्रमुख समस्याएँ रखीं। ग्रामीण क्षेत्रों में वरिष्ठ नागरिकों की दिक्कतों को हल करने के लिए विकासखंड स्तर पर बैठकें कराने और समाज कल्याण व स्वास्थ्य विभाग द्वारा कैंप आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
वरिष्ठ जनों ने नगर में फुटपाथ और पार्क बनाने, सफाई व्यवस्था सुधारने तथा संवेदनशील इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। साथ ही स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए गोल्डन कार्ड, आयुष्मान कार्ड और वय बंधन कार्ड के जरिए निशुल्क उपचार सुनिश्चित करने की बात कही।
बैठक में अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, बीट पुलिसिंग को मजबूत करने और आवारा कुत्तों व बंदरों की समस्या से राहत दिलाने का मुद्दा भी उठाया गया। इसके अलावा, मॉर्निंग वॉक और साइकिल ट्रैक, पार्कों में बेंच और स्मृति वाटिका बनाने की मांग भी रखी गई।
वरिष्ठ नागरिकों ने आग्रह किया कि हर साल 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर उन्हें सम्मानित करने की परंपरा जारी रखी जाए।
