
फरीदाबाद शहर से बेहद शर्मनाक खबर सामने आई है। जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है। यहां दो नाबालिगों के साथ यौन शोषण का मामला सामने आया है। यह आरोप नाबालिग के सौतेले पिता, पुजारी और अन्य पर भी लगा है। सौतेले पिता ने अपनी बेटी की दोस्त के साथ भी दुष्कर्म किया।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार 17 अप्रैल को डबुआ क्षेत्र से एक नाबालिग लापता हो गई थी। जिस पर उसके परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने पांच दिन तक उसकी कोई सुनवाई नहीं की। जिसके बाद शिकायत बाल कल्याण समिति को दी गई। इसके बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की गई। इस बीच नाबालिग की सहेली परिजनों को मिल गई।
नाबालिग के परिजनों के पूछने पर उसने बताया कि उसकी बेटी ओल्ड फरीदाबाद की एक कॉलोनी में एक महिला के पास है जो पैसों के लिए उसका यौन शोषण कर रही है। इसके बाद पुलिस, परिजन और सीडब्ल्यूसी के सदस्य मौके पर पहुंचे। जहां से नाबालिग को बरामद किया गया।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि उसकी सहेली उसे वहां छोड़ गई थी लेकिन जिस आंटी के पास वह रह रही थी उसने उसे शराब पिलाई और फिर उसे दो अलग-अलग लोगों के पास भेज दिया जिन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया।
इतना ही नहीं बल्कि इसके बाद कई लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला उसे एक व्यक्ति के पास भेजने के लिए 1200 रुपए लेती थी। लेकिन वह उसे कुछ नहीं देती थी। जब नाबालिग मिली तो वह नशे में थी। पुलिस ने मौके से सेक्स रैकेट चलाने वाली महिला को हिरासत में ले लिया। कमरे में एक युवक और एक युवती भी आपत्तिजनक हालत में मिले।
दूसरी नाबालिग ने बताया कि उसके सौतेले पिता ने न सिर्फ उसके साथ बल्कि उसकी दोस्त के साथ भी दुष्कर्म किया। इसके बाद जब वह मंदिर के पुजारी के पास गई तो उसने भी उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। पुजारी की उम्र करीब 66 साल है।पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।