अल्मोड़ा: जिले के चौखुटिया क्षेत्र में गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। यहां एक मैक्स वाहन अचानक बेकाबू होकर सीधे तड़ाग ताल में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में चालक समेत चार लोग सवार थे। गनीमत रही कि सभी समय रहते बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस वक्त हुआ जब वाहन ताल के पास सड़क से गुजर रहा था। बारिश के कारण सड़क पर पानी भरा हुआ था। जैसे ही चालक ने मैक्स को पानी से निकालने की कोशिश की, गाड़ी अचानक फिसल गई और ताल में लुढ़क गई। देखते ही देखते वाहन गहराई में डूब गया।
मैक्स चालक ने हिम्मत दिखाते हुए दरवाजा खोला और सभी चारों सवार किसी तरह बाहर निकलने में कामयाब रहे। पानी से निकलने के बाद उन्होंने तैरकर किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने भी मदद की।
गाड़ी तालाब में पूरी तरह डूब गई थी। उसे बाहर निकालने के लिए ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और रस्सियों की मदद ली। काफी मशक्कत के बाद वाहन को बाहर निकाला गया। चालक ने बताया कि सड़क पर पानी और फिसलन के कारण गाड़ी का संतुलन बिगड़ा और यह हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तड़ाग ताल के पास बारिश के मौसम में हादसों का खतरा बना रहता है। पानी और फिसलन की वजह से वाहन अक्सर फिसल जाते हैं। इन दिनों पूरे उत्तराखंड में जोरदार बारिश हो रही है। कई जगहों पर सड़कें टूटी हुई हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन लगातार बंद पड़े रास्तों को खोलने और राहत कार्यों में जुटा है।
