देहरादून: उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के मामलों पर लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने पौड़ी गढ़वाल जनपद के नैनीडांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के मेडिकल प्रभारी आशुतोष त्रिपाठी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी मेडिकल प्रभारी ने अदालीखाल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में तैनात एक नर्सिंग अधिकारी से उसकी तैनाती वहीं बनाए रखने के बदले 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पीड़ित ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत की सत्यता की पुष्टि के बाद विजिलेंस की टीम ने योजना बनाकर ट्रैप ऑपरेशन चलाया और आरोपी को रिश्वत लेते समय मौके पर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद टीम ने आरोपी के आवास पर छापेमारी कर चल-अचल संपत्तियों की जांच शुरू कर दी है। विजिलेंस विभाग का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
