नैनीताल: लेक सिटी वेलफेयर क्लब के सौजन्य से शारदा संघ मल्लीताल सभागार में मेहंदी क्वीन 2025 प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन हुआ। जूनियर और सीनियर वर्ग मिलाकर कुल 227 प्रतिभागियों ने अपनी मेहंदी कला का जलवा बिखेरा। 13 वर्ष तक की बालिकाओं को एक घंटे और 13 वर्ष से अधिक उम्र की प्रतिभागियों को डेढ़ घंटे का समय दिया गया। निर्णायक राखी अग्रवाल, पायल और स्नेहा अग्रवाल ने डिज़ाइन की बारीकी, सफाई और रचनात्मकता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।
जूनियर वर्ग में जाग्रति (बालिका विध्या मंदिर) और सीनियर वर्ग में गुनगुन वर्मा (सनवाल स्कूल) ने मेहंदी क्वीन का ताज अपने नाम किया। विजेताओं को अमेरिकन डायमंड ताज, सम्मान पट्टिका, स्मृति चिन्ह, प्रमाण पत्र और ₹500 का गिफ्ट हैंपर भेंट किया गया। जूनियर वर्ग में कामाक्षी द्वितीय और अंजमि तृतीय रहीं, जबकि सीनियर वर्ग में नेहा धामी ने दूसरा और रोजाम बी ने तीसरा स्थान हासिल किया। दोनों वर्गों में 6–6 प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।
मुख्य अतिथि एम.एस. अधिकारी ने कहा कि मेहंदी भारतीय संस्कृति में न केवल धार्मिक महत्व रखती है, बल्कि फैशन की दुनिया में भी अपनी खास पहचान बनाए हुए है। इस अवसर पर ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी, देहरादून के प्रोफेसर गगन बंसल को पर्यावरण और वृक्षारोपण में योगदान के लिए लायंस पर्यावरण सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में क्लब अध्यक्ष आभा साह, सचिव कविता त्रिपाठी, संयोजिका रमा तिवारी और अन्य सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा। मंच संचालन डॉ. प्रमोद अग्रवाल और श्रीमती दीपा पांडे ने किया।:
