filter: 0; fileterIntensity: 0.0; filterMask: 0; captureOrientation: 0; brp_mask:0; brp_del_th:null; brp_del_sen:null; delta:null; module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 2;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;HdrStatus: auto;albedo: ;confidence: ;motionLevel: 0;weatherinfo: null;temperature: 33;
उत्तराखंड: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और प्रदेश के कई हिस्सों में इसका असर साफ दिखाई दे रहा है। पहाड़ी जिलों में जहां बारिश का दौर जारी है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल रही है। मैदानी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश के संकेत बने हुए हैं। देहरादून में भी दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना बनी हुई है। पर्वतीय क्षेत्रों के लिए आकाशीय बिजली, तेज हवाएं और अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
रविवार को देहरादून और आसपास के इलाकों में सुबह से ही बादलों का असर रहा और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हुई। इसके चलते तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की से मध्यम बारिश हुई, जबकि कई पर्वतीय इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी भी देखने को मिली।
केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में शाम के समय हल्का हिमपात हुआ, जबकि आसपास के क्षेत्रों में बारिश की बौछारें पड़ीं। मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि फिलहाल मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है।
उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गर्जन की संभावना जताई गई है। साथ ही 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है।
इन जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, ओलावृष्टि होने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा अन्य पर्वतीय क्षेत्रों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून में भी आंशिक बादलों के साथ हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।
