नैनीताल: भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार 29 अगस्त और 1 सितम्बर को जनपद नैनीताल के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। विभाग ने इसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पूर्वानुमान में कहा गया है कि इस दौरान गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश के तीव्र दौर चलने की आशंका है। संभावित आपदाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
विशेषकर भूस्खलन और पेड़ों के गिरने से यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई है। लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि संवेदनशील मार्गों पर JCB मशीन और गैंग कर्मियों की तैनाती 24×7 सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा तहसील स्तर पर गठित QRT टीमें अलर्ट पर रहेंगी और सभी अधिकारी अपने मुख्यालय पर डटे रहेंगे। प्रशासन ने कहा है कि आपदा से संबंधित हर जानकारी तुरंत तहसील कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराई जाए।
