देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले चुका है। पहाड़ से लेकर मैदान तक बादलों का डेरा है। कहीं धूप तो कहीं हल्की बारिश का सिलसिला जारी है। मानसून की विदाई के बावजूद प्रदेश में वर्षा का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शनिवार को देहरादून समेत सात जिलों में आंशिक बादल और हल्की वर्षा के आसार हैं। वहीं रविवार से दो दिन के लिए प्रदेश में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।
सोमवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून और हरिद्वार में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी, पौड़ी और नैनीताल जिलों में भी ओलावृष्टि और तीव्र वर्षा की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
