उत्तराखंड मौसम विभाग ने 25 अगस्त को प्रदेश के कई इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार नैनीताल जिले में भी तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी नैनीताल वंदना सिंह ने एहतियातन जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को सर्वोपरि बताते हुए यह आदेश जारी किया। साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को सतर्क मोड में रहने और आपदा जैसी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश भी दिए हैं।
