हल्द्वानी: उत्तराखंड सरकार की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य शुक्रवार को हल्द्वानी पहुंचीं, जहां उन्होंने जिले में निर्मित तीन आधुनिक हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने केंद्रों की सुविधाओं और व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर नौनिहालों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की।
मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए सरकार आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट और तकनीकी रूप से सक्षम बना रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्यभर में और भी हाईटेक आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाएंगे, ताकि बच्चों को बेहतर पोषण, शिक्षा और संस्कार मिल सके।
मंत्री आर्य ने कहा, बच्चे देश और प्रदेश का भविष्य हैं। सरकार का उद्देश्य है कि उन्हें शुरुआत से ही एक सकारात्मक और समृद्ध माहौल दिया जाए। इसलिए हम आंगनबाड़ी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।
इस दौरान मंत्री रेखा आर्य ने हल्द्वानी में अतिक्रमण के नाम पर जारी किए गए 500 से अधिक नोटिसों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस मसले पर गंभीर है और आम जनता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, अतिक्रमण के नाम पर किसी भी नागरिक के साथ नाइंसाफी नहीं होगी। सरकार जनभावनाओं के अनुरूप काम कर रही है और एक संतुलित समाधान की दिशा में प्रयास हो रहे हैं। कानून का पालन करते हुए, बीच का रास्ता निकालने की कोशिश की जाएगी, ताकि सभी को न्याय मिल सके।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम जनता की उपस्थिति रही। बच्चों और उनके अभिभावकों ने नवनिर्मित केंद्रों पर संतोष और उत्साह जताया।