नैनीताल: नैनीताल जनपद के हल्द्वानी शहर में पुलिस ने तीन नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित बरामद किया है। जानकारी के मुताबिक, मुखानी थाना क्षेत्र के सेंट्रल तिराहे पर ड्यूटी के दौरान होमगार्ड को सूचना मिली कि कुछ नाबालिग लड़कियाँ राहगीरों को सोने की चेन बेचने की कोशिश कर रही हैं। स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को खबर दी।
मुखानी पुलिस मौके पर पहुँची और तीनों बालिकाओं को संरक्षण में लेकर थाने लाई। पूछताछ में पता चला कि तीनों हरियाणा के गुड़गांव निवासी हैं। इनमें एक की उम्र 17 और बाकी दो की उम्र 16 वर्ष है। बालिकाओं ने बताया कि वे घर से नाराज़ होकर घूमने के लिए निकली थीं।
पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया तो पता चला कि उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना सेक्टर-5 गुड़गांव में दर्ज है। सूचना मिलने पर परिजन और हरियाणा पुलिस टीम हल्द्वानी पहुँची। आवश्यक औपचारिकताओं के बाद तीनों बालिकाओं को सुरक्षित उनके परिवार को सौंप दिया गया।
परिजनों ने अपनी बेटियों की सुरक्षित बरामदगी पर नैनीताल पुलिस का आभार जताया। यह कार्यवाही पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई का उदाहरण मानी जा रही है।
