रामनगर/कालाढूंगी: कॉर्बेट हेरिटेज सफारी के नए पर्यटन सत्र की शुरुआत शनिवार से हो गई है। इसका शुभारंभ कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह सफारी क्षेत्र न केवल प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार का प्रमुख साधन भी बन रहा है।
विधायक भगत ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण और इको-टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट हेरिटेज सफारी अब पर्यटन मानचित्र पर तेजी से उभर रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिली है।
कॉर्बेट हेरिटेज सफारी को पिछले वर्ष 17 दिसंबर 2023 को शुरू किया गया था और अपने पहले ही सत्र में इसने बेहतरीन प्रदर्शन किया। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, पहले सत्र में करीब 8,500 पर्यटक पहुंचे थे, जिससे वन विभाग को लगभग 21 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस बार पर्यटकों की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की उम्मीद है। पिछले सीजन में सैलानियों ने हाथी, तेंदुआ, बारहसिंगा, हिरण और कई दुर्लभ पक्षियों को देखने का आनंद लिया था, जिससे यह क्षेत्र वाइल्डलाइफ प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बन गया है।
नेचर गाइड मोहन पांडेय ने बताया कि सफारी की बुकिंग शुरू होते ही देश-विदेश से पर्यटकों की पूछताछ बढ़ने लगी है। उन्होंने कहा कि इस बार पर्यटक संख्या दोगुनी होने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों को अधिक रोजगार के अवसर मिलेंगे।
वन विभाग के डीएफओ डीएस मर्तोलिया ने बताया कि विभाग की प्राथमिकता पर्यटकों की सुरक्षा, वन्यजीव संरक्षण और बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि कॉर्बेट हेरिटेज सफारी का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के साथ सतत पर्यटन को बढ़ावा देना है।
MORE….
बड़ी खबर- हल्द्वानी: सिंचाई विभाग की नहर में गिरा 45 वर्षीय व्यक्ति, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी-
हल्द्वानी: सिंचाई विभाग की नहर में गिरा 45 वर्षीय व्यक्ति, पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
