नैनीताल: नैनीताल विधान सभा की विधायक सरिता आर्या ने सोमवार को राजकीय बी.0डी. पांडे जिला चिकित्सालय में स्वस्थ्य नारी सशक्त परिवार अभियान के तहत नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। शिविर का शुभारंभ विधायक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. हरीश चंद्र पंत और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डा. तरुण कुमार टमटा ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में कुल 524 मरीजों की जांच की गई। इस दौरान विधायक सरिता आर्या ने बताया कि सरकार की आयुष्मान योजना के तहत प्रदेश की जनता को 5 लाख तक के इलाज की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध है, जिससे मरीजों को सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज का लाभ मिल रहा है।
डा. तरुण कुमार टमटा ने कहा कि अभियान के तहत क्षेत्रवासियों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरीश चंद्र पंत ने बताया कि शिविरों के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनाना, दिव्यांग प्रमाण पत्र निर्गत करना, दवा वितरण, नि:शुल्क अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे, हीमोग्लोबिन जांच, टीकाकरण, ब्लड प्रेशर व शुगर जांच, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की स्वास्थ्य जांच जैसी सेवाएं दी जा रही हैं।
कार्यक्रम में डॉ. संजीव खर्कवाल, मदन सिंह मेहरा, सरयू नंदन जोशी, दीपक कांडपाल, सपना जोशी, देवेंद्र बिष्ट, हरेन्द्र कठायत, जितेश प्रधान सहित आशा कार्यकर्ता और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे। शिविर का संचालन जिला कार्यक्रम प्रबंधक मदन सिंह मेहरा ने किया।
इस स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से नैनीताल के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
