
नैनीताल: भारी बारिश और संभावित आपदा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए नैनीताल की विधायक श्रीमती सरिता आर्या ने मंगलवार को बी.डी. पांडे राजकीय चिकित्सालय का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनके साथ थे।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में साफ-सफाई, चिकित्सकीय सुविधाओं और बारिश के चलते अस्पताल पहुंचे मरीजों की देखरेख की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं और अनुभव भी जाने।
विधायक आर्या ने उत्तरकाशी में हाल ही में हुई प्राकृतिक आपदा पर संवेदना जताते हुए कहा कि नैनीताल क्षेत्र किसी भी आकस्मिक स्थिति के लिए पूर्ण रूप से तैयार रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग को सभी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसकी हरसंभव व्यवस्था तत्काल की जाए।
उन्होंने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर किया जा रहा है, ताकि आम जनता को समय पर और सही उपचार मिल सके।
निरीक्षण के समय प्रमुख रूप से मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, उपाध्यक्ष मोहित लाल साह, निखिल बिष्ट, आशीष बजाज, कार्यालय मंत्री भारत सिंह, डॉ. द्रौपदी गर्ब्याल, कमल जोशी, विक्रम राठौर, पंकज बरगली, नगर पालिका सभासद गजाला कमाल, भगवत सिंह रावत और कविता गंगोला भी उपस्थित रहे।