नैनीताल। नगर पालिका की पहल अब रंग लाने जा रही है। जल्द ही राष्ट्रीय पथ प्रकाश योजना के तहत नैनीताल की सड़कों पर आधुनिक स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इन लाइटों की स्थापना और रखरखाव की जिम्मेदारी एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लिमिटेड (EESL) को दी जाएगी।
संस्था के एजीएम टेक्निकल आलोक मिश्रा ने पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल और बोर्ड सदस्यों को योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था न केवल पुरानी लाइटों को बदलेगी बल्कि नई स्ट्रीट लाइट और पोल भी लगाएगी। संस्था पांच साल तक इनका रखरखाव करेगी और किसी भी लाइट में खराबी आने पर 48 घंटे में दुरुस्ती सुनिश्चित करेगी।
पालिका रिकॉर्ड के अनुसार वर्तमान में नगर क्षेत्र में 1827 खंभे हैं। संस्था पांच हजार लाइटों का अनुबंध करेगी, जिसके बाद हर वार्ड में लगे पोलों और लाइटों की पूरी जानकारी डिजिटल सिस्टम पर उपलब्ध होगी। सिस्टम में लाइट खराब होते ही उसकी सूचना दर्ज हो जाएगी।
पालिका अध्यक्ष डॉ. खेतवाल ने कहा कि शीघ्र ही सभी सभासदों से रायशुमारी के बाद अनुबंध पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। इस अवसर पर ईओ रोहिताश शर्मा समेत सभासद मनोज जगाती, भगवत रावत, गीता उप्रेती, काजल, गजाला कमाल, लता दफौटी और जीनू पांडे मौजूद रहे।
