हिमाचल: हिमाचल प्रदेश में मानसून की तबाही थमने का नाम नहीं ले रही है। जिला कुल्लू के निरमंड उपमंडल के ग्राम पंचायत घाटू के शर्मानी गांव में आज सुबह भारी लैंडस्लाइड हुआ। इस हादसे में एक मकान मलबे की चपेट में आ गया, जिससे एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई और 3 अन्य घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि लैंडस्लाइड के दौरान कुल 8 लोग मलबे में दब गए थे। सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद किया गया था और तीन लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल भेजा गया। बाकी चार लापता लोगों की तलाश एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से की। अब सभी मृतकों के शव मलबे से निकाल लिए गए हैं। मृतक एक ही परिवार के सदस्य हैं।
मृतकों की पहचान
ब्रेस्टी देवी (50 वर्ष) – पत्नी स्व. शिव राम
चुन्नी लाल (32 वर्ष) – पुत्र शिव राम
अंजू देवी (25 वर्ष) – पत्नी चुन्नी लाल
जागृति (08 वर्ष) – पुत्री चुन्नी लाल
भूपेश (05 वर्ष) – पुत्र चुन्नी लाल
घायलों की पहचान
शिवराम (52 वर्ष) – पुत्र स्व. केसी राम
धर्म दास (48 वर्ष) – पुत्र स्व. केसी राम
कला देवी (45 वर्ष) – पत्नी धर्म दास
गांव में दहशत
लैंडस्लाइड की इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने जमींदोज हुए मकान के आसपास के तीन घर खाली करवा दिए हैं। स्थानीय लोग रेस्क्यू कार्यों में प्रशासन की मदद कर रहे हैं। एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों में जुट गई। हालात गंभीर बने हुए हैं और प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।
