नैनीताल। मां के जयकारों से गूंजते माहौल में शुक्रवार को भव्य मां नंदा-सुनंदा शोभायात्रा नगर में निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शोभायात्रा ने मल्लीताल से माल रोड, तल्लीताल बाजार, वैष्णो देवी मंदिर होते हुए नगर का भ्रमण किया। देर शाम ठंडी सड़क स्थित शनि मंदिर के पास मां नंदा-सुनंदा की प्रतिमाओं का विधिवत विसर्जन नैनी झील में किया गया।
दोपहर 12 बजे नयना देवी महोत्सव से मां के डोले को बाहर निकाला गया। करीब 12:30 बजे से शुरू हुई शोभायात्रा में छोलिया नृत्य कलाकार, स्कूली बच्चे और बैंड दल शामिल रहे। जगह-जगह कलाकारों ने आकर्षक करतब दिखाकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भक्तों का उत्साह ऐसा था कि खराब मौसम भी आस्था में बाधा नहीं डाल सका। नगरवासियों के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे। मार्ग में जगह-जगह शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
इस दौरान महोत्सव में लगी दुकानों में भी भारी भीड़ रही और श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। आयोजन में श्रीराम सेवक सभा के अध्यक्ष मनोज शाह, महासचिव जगदीश बवाड़ी सहित कई गणमान्य लोग, जनप्रतिनिधि और नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल भी मौजूद रहे।
