हल्द्वानी: नैनीताल–उधम सिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट के बड़े भाई राम दत्त भट्ट (95 वर्ष) का शनिवार देर शाम सुशीला तिवारी अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही सांसद अजय भट्ट ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम तत्काल स्थगित कर दिए और हरिद्वार से तुरंत हल्द्वानी लौट आए।
परिवारिक जानकारी के अनुसार, स्व. राम दत्त भट्ट का पार्थिव शरीर बच्ची नगर स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया है। आज सुबह 9:30 बजे उनका पार्थिव शरीर रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट ले जाया जाएगा, जहां पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिवंगत राम दत्त भट्ट के निधन से क्षेत्र में गहरी शोक की लहर है। सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।
