नैनीताल: जिला पंचायत बोर्ड की आंतरिक पहली बैठक में 10 महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इसमें 10 करोड़ की लागत से मल्टी स्टोरी भवन का निर्माण सबसे अहम रहा। इसके साथ ही भीमताल में होम स्टे निर्माण, कैंची धाम का पार्किंग शुल्क जिला पंचायत द्वारा वसूले जाने और गौलापार के गांवों में कूड़ा प्रबंधन के लिए वाहन खरीदे जाने जैसे निर्णय भी शामिल रहे।
बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल ने की। इस दौरान सदस्यों ने बिजली, पानी, कूड़ा निस्तारण, सिंचाई, शिक्षा और लावारिस पशुओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं। सदस्यों ने विभागीय परिसंपत्तियों का नवीनीकरण कर आय बढ़ाने पर भी सहमति जताई।
बैठक में यह भी तय किया गया कि काठगोदाम चांदमारी के डाकबंगले की 1400 वर्गमीटर भूमि पर पार्किंग युक्त बहुउद्देश्यीय भवन बनाया जाएगा। वहीं, भीमताल नौकुतियाताल रोड पर खाली पड़ी जमीन पर करीब 2 करोड़ की लागत से होम स्टे तैयार किया जाएगा।
बैठक में कैंची धाम के पार्किंग शुल्क को प्राधिकरण से लेकर जिला पंचायत द्वारा वसूले जाने का निर्णय भी हुआ। इसके अलावा छह समितियों के गठन, राजस्व अभिलेखों में परिसंपत्तियों के चिह्नीकरण, एक नई इनोवा कार खरीदने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के अंतर्गत कम्पैक्टरों के संचालन एवं रखरखाव से जुड़े प्रस्ताव भी पारित किए गए।
जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों के फोन न उठाने और जनसुनवाई कार्यक्रमों में सूचना न देने की शिकायतें भी दर्ज कराईं। जिला प्रशासन को पत्र लिखकर निर्देश देने पर सहमति बनी कि भविष्य में जनप्रतिनिधियों को समय पर जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
