हल्द्वानी के लक्ष्मी टॉकीज क्षेत्र में गंदगी और सड़क पर अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम की टीम ने अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जयसवाल स्वीट्स समेत तीन दुकानों में भारी गंदगी और unhygienic हालात पाए गए।
टीम ने पाया कि दुकानदार सड़क पर अतिक्रमण कर मिठाई और समोसे जैसे खाद्य पदार्थ बना रहे थे। मिठाइयों के पास कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी भी देखी गई। साथ ही दुकानों में फैली गंदगी और बिखरे कचरे ने स्वच्छता के सारे मानकों की धज्जियाँ उड़ा दीं।
इस पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने तीनों दुकानों पर कुल ₹15,000 का जुर्माना ठोका। साथ ही सड़क पर रखा सामान हटवाया गया और सामने की नाली को भी अतिक्रमण मुक्त करवा कर साफ किया गया। मौके पर मौजूद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तत्काल प्रभाव से तीनों दुकानों के फूड लाइसेंस को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया।
नगर निगम ने दुकानदारों को चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में फिर से ऐसी स्थिति पाई गई, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
