नैनीताल: ठंड और शीतलहर से निराश्रित, असहाय और गृहविहीन लोगों की सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन ने विशेष व्यवस्था शुरू कर दी है। प्रभावित लोगों को निःशुल्क कंबल वितरित किए जाएंगे और शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सभी स्थानीय निकायों में इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नोडल अधिकारियों को नामित कर जिम्मेदारी सौंपी है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शीतकाल के दौरान आम जन-जीवन को सुरक्षित रखने के लिए सभी नगर निकाय पूर्ण सतर्कता बरतें। उन्होंने कहा कि निराश्रित एवं असहाय गृहविहीन व्यक्तियों को ठंड के प्रकोप से बचाने के लिए निःशुल्क कंबल वितरण के साथ-साथ धर्मशाला, रेनबसेरे, मुसाफिरखाना, पड़ाव, सराय, चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए।
इसके अलावा स्थायी एवं अस्थायी रेनबसेरों में बिजली, पानी, बिस्तर और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि रेनबसेरों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि जरूरतमंद लोगों को इन सुविधाओं की पूरी जानकारी मिल सके।
शीतकालीन व्यवस्थाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए निम्न अधिकारियों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है—
हल्द्वानी नगर निगम: सहायक नगर आयुक्त गणेश भट्ट
नगर पालिका नैनीताल: अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा
नगर पालिका रामनगर: अधिशासी अधिकारी आलोक उनियाल
नगर पालिका कालाढूंगी: अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार
नगर पालिका भीमताल: अधिशासी अधिकारी राहुल कुमार
नगर पालिका भवाली: अधिशासी अधिकारी सुधीर कुमार
नगर पंचायत लालकुआं: अधिशासी अधिकारी ईश्वर सिंह रावत
जिलाधिकारी रयाल ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया कि शीत ऋतु में ठंड से बचाव हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर दी जाएं, ताकि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति कठिन परिस्थितियों का सामना न करे।
