नैनीताल: आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए नैनीताल जिला प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने विभिन्न विभागों और पर्यटन से जुड़े संगठनों को आवश्यक निर्देश दिए।
बैठक में होटल एसोसिएशन, व्यापार मंडल, टैक्सी यूनियन, नाव एवं घोड़ा चालक संघ के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सीडीओ ने कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए पार्किंग, शटल सेवा, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि—
सड़क किनारे रखी मिट्टी और निर्माण सामग्री तत्काल हटाई जाए।
पार्किंग स्थलों पर शौचालय, पेयजल और विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
किराया सूची और होटल दरें स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएं ताकि पर्यटकों को परेशानी न हो।
शटल सेवा की टेंडर प्रक्रिया समय पर पूरी हो।
सड़क किनारे अवैध पार्किंग रोकने के लिए पुलिस व परिवहन विभाग सख्ती बरते।
मुख्य विकास अधिकारी ने कैंचीधाम में निर्माणाधीन पार्किंग कार्यों की गति बढ़ाने और घोड़ा स्टैंड की पार्किंग को व्यवस्थित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सचिव विकास प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल, एसडीएम नैनीताल नवाजिश खालिक, पुलिस क्षेत्राधिकारी पी.के. साह, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष सुदर्शन साह समेत कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
