नैनीताल
हल्द्वानी: पर्यटन नगरी नैनीताल में क्रिसमस, विंटर कार्निवाल, 31 दिसंबर और नववर्ष 2026 को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक रूट प्लान तैयार किया है।
नैनीताल में इन दिनों क्रिसमस और नए साल की तैयारियां जोरों पर हैं। होटल व्यवसायी सैलानियों को आकर्षित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और इवेंट्स की तैयारियों में जुटे हुए हैं, ताकि पर्यटकों के लिए यह सीजन यादगार बन सके। आगामी दो सप्ताह प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं, क्योंकि विंटर कार्निवाल के साथ शीतकालीन पर्यटन का भी औपचारिक आगाज होने जा रहा है।
क्रिसमस और 31 दिसंबर के मौके पर नैनीताल में हर साल बड़ी संख्या में देश-विदेश से सैलानी पहुंचते हैं। ऐसे में यातायात व्यवस्था, पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। खासकर वीकेंड के दौरान कैंची धाम में दर्शन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए विशेष ट्रैफिक व्यवस्था बनाई गई है।
पुलिस प्रशासन ने रामनगर, नैनीताल, कैंची धाम, भवाली और भीमताल जाने वाले पर्यटकों के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित किए हैं। जनपद में प्रवेश के दौरान वाहनों को बैरिकेडिंग पर रोककर निर्धारित रूट के अनुसार स्टीकर लगाकर आगे भेजा जाएगा, ताकि जाम की स्थिति न बने।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि 22 दिसंबर से 7 जनवरी तक जनपद में विंटर कार्निवाल, क्रिसमस, 31 दिसंबर और नववर्ष के चलते पर्यटक सीजन चरम पर रहेगा। इसे देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और अधिकारियों के साथ समन्वय बैठकें हो चुकी हैं।
वहीं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों का स्वागत अतिथि भावना के साथ किया जाएगा। होटल एसोसिएशन के साथ बैठक कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और निर्धारित रेट लिस्ट का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन पूरी तरह तैयार है और जनपद पर्यटकों के स्वागत के लिए खड़ा है।
