रुद्रपुर: उधम सिंह नगर जिले की बाजपुर कोतवाली पुलिस ने कार चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए राजस्थान के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से चोरी की गई क्रेटा कार और घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को संदीप कुमार निवासी बरहैनी ने अपनी क्रेटा कार चोरी होने की सूचना कोतवाली बाजपुर में दर्ज कराई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने उत्तराखंड, यूपी, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में जानकारी जुटाई और मुखबिरों को भी सक्रिय किया।
18 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की गई कार गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में देखी गई है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर फ्लाईओवर के नीचे से कार बरामद की और मौके से दो आरोपी—हनुमान सिंह गुज्जर उर्फ हन्नी और सतीश गुज्जर (दोनों निवासी मंडावर, जिला दौसा, राजस्थान) को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे 8 सितंबर को नैनीताल घूमने आए थे और लौटते समय बाजपुर क्षेत्र से क्रेटा कार चोरी कर ले गए थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि दोनों के खिलाफ राजस्थान में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
