नैनीताल: जिलाधिकारी वंदना ने मंगलवार को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राधिकरण कार्यालय में लंबित भवन मानचित्र, आपत्ति में भेजे गए मामलों तथा पिछले एक माह में आए आवेदनों की पत्रावलियों की विस्तृत समीक्षा की। डीएम ने बार-बार आपत्तियां लगाने की प्रक्रिया समाप्त कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को कहा कि लंबित वादों का निस्तारण समयबद्ध तरीके से किया जाए और सबसे पुराने प्रकरणों को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई करने, अभिलेखों का सही रख-रखाव करने तथा मामलों को सूचीबद्ध कर व्यवस्थित रूप से अंकित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि भवन मानचित्र स्वीकृत करने की प्रक्रिया निर्धारित समय सीमा में पूरी की जाए। उन्होंने सचिव प्राधिकरण विजय नाथ शुक्ल को सप्ताह में एक बार आपत्ति निवारण शिविर आयोजित कर लंबित मामलों का समाधान सुनिश्चित करने का आदेश दिया ताकि आम लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा हो सके।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अवैध निर्माणों पर की जा रही कार्रवाई, लंबित प्रकरणों की सुनवाई, अभिलेखों के रख-रखाव, डिजिटलाइजेशन तथा कंपाउंडिंग कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने लापरवाह अभियंताओं के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान कार्यालय के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि कार्यालय में पारदर्शिता, समय पर कार्यवाही और जनहित में सुविधाओं को बढ़ावा देना प्राथमिकता होगी।
