नैनीताल: उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। नैनीताल के तल्लीताल थाना क्षेत्र अंतर्गत फांसी गधेरा इलाके में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे तीन मजदूरों को कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वाहन चालक और उसका साथी कार छोड़कर फरार हो चुके थे।
स्थानीय लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद कार के नीचे दबे तीनों मजदूरों को बाहर निकाला और तुरंत बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में तीनों का इलाज चल रहा है, जिसमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा की वाहन चालक पुलिसकर्मी था.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हरि नगर निवासी बिहारी लाल, पप्पू और राजेश लाल गुरुवार सुबह पेंटिंग का काम करने राजभवन मार्ग स्थित आर्मी गेस्ट हाउस की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे चढ़ाई वाले रास्ते पर पहुंचे, नीचे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने तीनों को चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद भी चालक नहीं रुका और आगे बढ़ता रहा। कुछ दूरी पर कार छोड़कर वह अपने साथी के साथ फरार हो गया।
सूचना मिलने पर तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया कि हादसे में गंभीर रूप से घायल बिहारी लाल को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी में यह बात सामने आई है कि कार चालक पुलिस विभाग से जुड़ा हो सकता है। चालक और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
