नैनीताल: तल्लीताल के हरिनगर क्षेत्र में बुधवार शाम एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां नशे की हालत में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई पर पत्थर और कांच की बोतल से हमला कर दिया। इस घटना में बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय आकाश और उसके बड़े भाई 35 वर्षीय रवि के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आकाश, जो नशे का आदी बताया जा रहा है, ने पहले रवि के सिर पर पत्थर से वार किया और इसके बाद कांच की बोतल दे मारी।
घटना के समय मोहल्ले के कई लोग मौजूद थे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी और घायल रवि को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा। वहीं, आरोपी आकाश को लोगों ने पकड़कर रस्सियों से बांध दिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, रवि के सिर पर गहरी चोट आई है और डॉक्टरों ने नौ टांके लगाए हैं। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों का बयान
घायल रवि ने बताया कि वह घर पर बैठा था, तभी उसका छोटा भाई नशे की हालत में आया और अचानक हमला कर दिया। वहीं, दोनों के पिता जो नंदा देवी महोत्सव में सफाई का काम कर रहे थे, ने कहा कि उन्हें रास्ते में ही झगड़े की जानकारी मिली और वे सीधे अस्पताल पहुंचे।
