नैनीताल : मॉलरोड की एक रेस्टोरेंट के अंदर उस वक्त माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब किचन में काम कर रहे शेफ और उनके हेल्पर के बीच मामूली कहासुनी शुरू हुई। बात इतनी बढ़ गई कि गुस्से में आए हेल्पर ने अपना आपा खो दिया और किचन में इस्तेमाल होने वाला धारदार चाकू उठाकर शेफ पर हमला कर दिया।
शेफ, जो अल्मोड़ा से नैनीताल आए थे और अपने स्वाद से पर्यटकों का दिल जीत रहे थे, अचानक हुए इस हमले से बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने किसी तरह खुद को बचाने की कोशिश की, जिससे उनकी उंगलियों और आंखों को गंभीर चोट लगने से बचाया जा सका। किचन में मौजूद अन्य लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, लेकिन तब तक मामला काफी गंभीर हो चुका था।
घटना के बाद घायल शेफ को तुरंत उपचार के लिए ले जाया गया, जबकि इस पूरे मामले की सूचना पुलिस को दी गई। अब यह मामला कोतवाली तक पहुंच चुका है, शुरुआती जानकारी के मुताबिक यह विवाद बेहद छोटी बात से शुरू हुआ था, लेकिन गुस्से और जल्दबाजी में लिया गया कदम एक बड़ी घटना में बदल गया।
