नैनीताल: विधायक सरिता आर्या ने देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं को उठाया। उन्होंने विशेष रूप से बजून क्षेत्र में आपदा से मवेशियों को हुए नुकसान की भरपाई, शहीद बलवंत सिंह मार्ग और लोअर मॉल रोड सहित अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत, और प्रभावित लोगों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
विधायक आर्या ने मुख्यमंत्री को पत्र सौंपते हुए ग्रामीण क्षेत्रों को विकास प्राधिकरण के दायरे से बाहर रखने का अनुरोध किया। उनका कहना है कि ग्रामीण इलाकों को प्राधिकरण में शामिल करने से स्थानीय जनता को घर बनाने और मरम्मत करने में अनावश्यक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
साथ ही, विधायक ने वन मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात कर वन विभाग से संबंधित मार्गों पर आ रही अड़चनों को दूर करने और विकास कार्यों को गति देने के लिए शीघ्र एनओसी जारी करने की मांग भी उठाई।
इस अवसर पर महिला मोर्चा प्रदेश महामंत्री भावना मेहरा, नीतू जोशी, शिवांशु जोशी और रोहित कुमार भी मौजूद रहे।
