नैनीताल। नंदा देवी महोत्सव का समापन बड़े ही भक्तिपूर्ण वातावरण में हुआ। मूर्ति विसर्जन पाषाण देवी मंदिर के पास सम्पन्न किया गया। प्रातःकालीन पूजन में पूर्व दर्जा राज्यमंत्री मोहन गिरी गोस्वामी सपत्नीक तथा रजत साह सपत्नीक शामिल हुए। पूजा के बाद मां नंदा का डोला नगर भ्रमण के लिए निकला, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए और माता को उत्साह एवं आस्था के साथ विदाई दी।
मां के डोले में कंधा लगाने पहुंचे आयुक्त व मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, विधायक सरिता आर्य, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर और व्यापार मंडल तल्लीताल अध्यक्ष मारुति साह। सभी ने नयना देवी मंदिर पहुंचकर मां नंदा महोत्सव में अपनी भागीदारी दी।
महोत्सव के दौरान सीधा प्रसारण में पिंक लेडी आशा शर्मा ने कैंसर पर जानकारी दी, जबकि सीओ सुमित पांडे ने साइबर क्राइम और डिजिटल अरेस्ट जैसे गंभीर विषयों पर जागरूकता बढ़ाई। वहीं एडीएम शैलेन्द्र नेगी, मेला अधिकारी के एन गोस्वामी, कैंची एसडीएम मोनिका व अन्य अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को मेला की शुभकामनाएँ दीं।
महोत्सव में दूर घाटी का लाखिया भूत, डोल-छोलिया संगीत एवं नृत्य, और मातृ शक्ति की झोड़े क्रेंद्र प्रस्तुति मुख्य आकर्षण रहे। इस दौरान श्रद्धालु झूम उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
मां का डोला नयना देवी मंदिर से होते हुए शारदा संघ तल्लीताल, धर्मशाला, केंट, मॉल रोड, चीन बाबा मंदिर, श्रीराम सेवक सभा, मल्लीताल बाजार और पढ़ा देवी मंडी पहुंचा। भक्तों ने आस्था के साथ अक्षत और पुष्प अर्पित किए। मेर पहरा दल ने मां नंदा सुनंदा पर पुष्पवर्षा की और आराधना की।
विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को फल, चने, आलू-पूरी और रायता का प्रसाद वितरित किया गया। डोले के पीछे नगर पालिका परिषद की गाड़ी चलती रही और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया।
