नैनीताल: मंगलवार को जिले के सभी विकासखंडों में बहुउद्देश्यीय शिविरों का आयोजन कर जनता की समस्याएँ सुनी गईं और कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिविरों में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी और लाभार्थियों को सहायता प्रदान की।
चिकित्सा विभाग ने 50 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवा वितरित की, जबकि 10 से 16 वर्ष तक के 3 बच्चों का टीकाकरण किया गया। कृषि और उद्यान विभाग ने किसानों को अनुदान में बीज, कीटनाशक और उपकरण उपलब्ध कराए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने महालक्ष्मी किट वितरित करने के साथ प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, नंदा गौरा योजना जैसी योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने पशुधन बीमा और बर्ड फ्लू से बचाव के उपाय बताए।
आधार कार्ड बनाने और संशोधन की सुविधा भी शिविर में दी गई। ग्राम्य विकास विभाग ने बीपीएल प्रमाण पत्र जारी किए, पंचायती राज विभाग ने मौके पर जन्म प्रमाण पत्र और यूसीसी पंजीकरण किए। पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया पर ठगी से बचाव की जानकारी साझा की।
भीमताल ब्लॉक के अमिया में आयोजित शिविर में ग्रामीणों ने विद्युत समस्या, आपदा से हुए नुकसान और राशन कार्ड जैसी समस्याएँ रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया। शिविर में 8 ग्रामीणों के आधार कार्ड बनाए गए और 31 लोगों ने रक्तदान कर सेवा का उदाहरण पेश किया।
इस दौरान भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश सिंह बिष्ट, जिला विकास अधिकारी गोपाल गिरी गोस्वामी, उपजिलाधिकारी नवाजिश खलिक, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

