नैनीताल: खुर्पाताल न्याय पंचायत क्षेत्र के नलनी और घटगढ़ गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की ओर से कालाढूंगी रोड स्थित घटगढ़ के पास बिना पूर्व सूचना के अचानक दुकान खोलने की तैयारी शुरू कर दी गई, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया।
जैसे ही इस बात की जानकारी गांव की महिलाओं को मिली, वे बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आईं और मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। महिलाओं ने जमकर नारेबाजी की और साफ कहा कि किसी भी कीमत पर गांव के पास शराब की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले मंगोली और बजून क्षेत्रों में भी शराब की दुकान खोलने के खिलाफ महिलाओं ने लगातार नौ दिनों तक धरना दिया था। उस दौरान प्रशासन ने लिखित रूप से भरोसा दिलाया था कि वहां दुकान नहीं खोली जाएगी। लेकिन अब उसी दुकान को घटगढ़ शिफ्ट करने के फैसले से लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने यह भी आरोप लगाया कि दुकान निर्माण से जुड़े व्यक्ति ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया।
इस विरोध में स्कूली छात्र-छात्राएं भी शामिल हो गए। उनका कहना है कि जिस रास्ते से वे रोज स्कूल और कॉलेज जाते हैं, उसी मार्ग पर शराब की दुकान खुलने से उनकी सुरक्षा पर खतरा बढ़ जाएगा। उनका मानना है कि दुकान खुलने के बाद यहां शराब पीने वालों की भीड़ बढ़ेगी, जिससे वातावरण असुरक्षित हो जाएगा।
गांव की महिलाओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर उनकी मांगों को नजरअंदाज किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो चक्का जाम जैसे कदम भी उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तुरंत लिखित आश्वासन देने की मांग की है कि नलनी और घटगढ़ में शराब की दुकान नहीं खोली जाएगी। जब तक यह स्पष्ट आश्वासन नहीं मिलता, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने की बात कही गई है।
