नैनीताल: आगामी 31 दिसंबर और नव वर्ष के जश्न को लेकर सरोवर नगरी में सैलानियों का आगमन शुरू हो चुका है। पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. के नेतृत्व में जनपद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। नव वर्ष का जश्न सुरक्षित, सुगम और यादगार बनाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी और व्यवस्थाओं में जुटी हुई है।
यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र जनपद में भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। एसएसपी नैनीताल द्वारा एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा को यातायात व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, जबकि एसपी संचार रेवाधर मठपाल को ड्रोन के माध्यम से पूरे क्षेत्र की निगरानी कर जाम रहित यातायात सुनिश्चित करने को कहा गया है।
एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्रा स्वयं सभी पार्किंग स्थलों, बैरियर प्वाइंट्स और ड्यूटी प्वाइंट्स का निरीक्षण कर रहे हैं, ताकि किसी भी स्थिति में यातायात बाधित न हो।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा है कि पुलिस का प्रयास है कि सैलानी यहां से सुरक्षित और सुखद यात्रा की यादें लेकर लौटें, लेकिन जश्न की आड़ में किसी भी तरह का हुड़दंग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यातायात और सुरक्षा को लेकर प्रमुख व्यवस्थाएं
नैनीताल में यातायात दबाव को देखते हुए नारायण नगर, रूसी-1, रूसी-2 और मस्जिद तिराहा से शटल सेवा संचालित की जा रही है।
पूरे क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि कहीं भी जाम की स्थिति बनने पर तुरंत यातायात सुचारू कराया जा सके।
जनपद की सीमाओं पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
पर्यटकों की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर दिशा सूचक बोर्ड लगाए गए हैं।
कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और दर्शन व्यवस्था सुचारू रखी जा रही है।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि नव वर्ष के अवसर पर आने वाले प्रत्येक पर्यटक और श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद अनुभव प्रदान करना उनकी प्राथमिकता है।
