भीमताल (नैनीताल): नैनीताल जिले की पुलिस ने शनिवार देर शाम अवैध जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा के सख्त निर्देशों पर पुलिस टीम ने बाईपास रोड स्थित एक निजी टेंट हाउस परिसर में छापा मारकर जुआ खेल रहे 13 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹4,51,500 की नकदी, ताश की 52 गड्डियां और दो लूडो डाइस बरामद किए। यह अभियान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक जगदीश चंद्र के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी भवाली दीपशिखा अग्रवाल के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष संजीत कुमार राठौड़ के नेतृत्व में संचालित किया गया।
पुलिस की इस सटीक कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। सभी आरोपियों के खिलाफ थाना भीमताल में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने कहा कि जिले में अवैध जुआ और सट्टे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे अपराधों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
