हल्द्वानी: सर्दियों में बारिश और बर्फबारी की कमी से जहां सूखे जैसे हालात बनने लगे थे, वहीं अब मार्च के बीच में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई है।
शुक्रवार को हल्द्वानी और आसपास के इलाकों में दिनभर तेज हवाएं चलती रहीं और बीच-बीच में बारिश होती रही। इसका असर यह हुआ कि अधिकतम तापमान 31 डिग्री से गिरकर सीधे 18 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। तापमान में इस गिरावट से ठंड एक बार फिर लौट आई और लोगों को गर्म कपड़े निकालने पड़े।
शनिवार सुबह भी कुछ समय तक बारिश रही, लेकिन बाद में हल्के बादलों के बीच धूप निकलने से लोगों को राहत मिली। मौसम साफ होते ही जनजीवन सामान्य होने लगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, हल्द्वानी में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज हवाओं और बारिश के चलते ठिठुरन महसूस की गई, जिससे एसी और पंखों का इस्तेमाल भी बंद हो गया।
आगे के मौसम को लेकर विभाग का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में अभी भी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम धीरे-धीरे साफ रहेगा। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान में फिर से बढ़ोतरी हो सकती है।
