नैनीताल: पर्यटन नगरी नैनीताल की पहचान को और आकर्षक बनाने के लिए नगर पालिका एक नई योजना पर काम कर रही है। इस योजना के तहत नैनी झील के किनारे 108 फीट ऊंचा तिरंगा लगाने की तैयारी की जा रही है। नगर पालिका का मानना है कि इस पहल से शहर की सुंदरता को नया आयाम मिलेगा और यहां आने वाले पर्यटकों को एक अलग अनुभव प्राप्त होगा।
प्रस्तावित योजना के अनुसार झील के आसपास लगे बिजली के खंभों को भी तिरंगे के रंगों वाली रोशनी से सजाया जाएगा। शाम होते ही पूरा क्षेत्र केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगाता दिखाई देगा, जिससे झील के आसपास का माहौल और अधिक आकर्षक बन जाएगा।
इस योजना की खास बात यह होगी कि जब तिरंगे रंगों की रोशनी झील के पानी पर पड़ेगी तो उसका प्रतिबिंब एक अलग ही दृश्य प्रस्तुत करेगा। रात के समय यह नजारा पर्यटकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बन सकता है और झील क्षेत्र की खूबसूरती कई गुना बढ़ जाएगी।
नगर पालिका प्रशासन का मानना है कि इस योजना के लागू होने के बाद नैनीताल की छवि और बेहतर होगी। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और यहां आने वाले सैलानियों की संख्या में वृद्धि होने की संभावना है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रोहिताश शर्मा ने बताया कि इस परियोजना को लेकर फिलहाल प्रारंभिक स्तर पर प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे अमल में लाया जाएगा, ताकि नैनीताल को पर्यटन के लिहाज से और अधिक आकर्षक बनाया जा सके।
