नैनीताल: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने आज ( 13 सितंबर 2025) को कोतवाली परिसर में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी का आयोजन किया। इसमें जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी, विवेचक, शाखा अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हुए। गोष्ठी में अपराधों की समीक्षा कर लंबित मामलों के निस्तारण, नशा तस्करी, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, अवैध हथियार, अज्ञात शवों की शिनाख्त, यातायात व्यवस्था और तकनीकी पुलिसिंग जैसे मुद्दों पर गहन चर्चा की गई।
एसएसपी प्रहलाद मीणा ने अपराधियों में डर का माहौल बनाने के लिए पुलिस को प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित माल और विवेचनाओं को शीघ्र निस्तारित कर गुणवत्ता पर ध्यान देने की बात कही गई। आधुनिक तकनीकों के उपयोग से अपराधों का तेजी से अनावरण करने की जरूरत बताई गई।
महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देते हुए स्कूलों और कॉलेजों में जाकर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराध से बचाव, ड्रंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीड और नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई करने की योजना बनाई गई। साथ ही स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कदम उठाने को कहा गया।
ऑपरेशन रोमियो को और प्रभावी बनाने, सार्वजनिक स्थानों पर नशा, हुड़दंग और अराजकता फैलाने वालों में डर पैदा करने तथा बिना सत्यापन के रहने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अवैध हथियार रखने और तस्करी करने वालों पर कड़ी कार्यवाही करने के साथ वाहन चोरी, नकबजनी जैसे मामलों में तेजी लाने को कहा गया।
आईटी एक्ट के मामलों की समीक्षा कर लंबित विवेचनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। एनडीपीएस मामलों में प्रत्येक जांच अधिकारी की रिपोर्ट का रिव्यू कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। गैंगस्टर, हिस्ट्रीशीट और गुंडा एक्ट के अंतर्गत अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्रा, सीओ सिटी नितिन लोहनी, सीओ रामनगर सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह, निरीक्षक एलआईयू जितेंद्र उप्रेती, पुलिस दूरसंचार के प्रतिसार निरीक्षक राजकुमार बिष्ट सहित समस्त थाना व शाखा अधिकारी मौजूद रहे।
अंत में एसएसपी प्रहलाद मीणा ने कहा कि अपराध मुक्त, सुरक्षित और जागरूक समाज बनाना पुलिस का मुख्य उद्देश्य है। सभी अधिकारी पारदर्शिता, तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें।


