नैनीताल: जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव लगातार विवादों में घिरा रहा। बीते गुरुवार को हुए मतदान में 27 में से केवल 22 सदस्य ही मतदान कर पाए थे, जबकि पांच सदस्यों के अपहरण का मामला सामने आया था। इस पर कांग्रेस कोर्ट पहुंची थी और अदालत के निर्देश पर पुलिस लापता सदस्यों की तलाश में जुट गई थी। लेकिन देर शाम तक पुलिस को सफलता नहीं मिली, जिसके चलते शाम पांच बजे चुनाव रोक दिया गया था।
इसके बाद देर शाम हुई मतगणना में परिणाम सुरक्षित रख लिया गया था, जिसकी घोषणा मंगलवार को जिला कोषागार में की गई। घोषित नतीजों में भाजपा प्रत्याशी दीपा दरमवाल को 11 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पुष्पा नेगी को 10 वोट हासिल हुए। इस दौरान एक मत रद्द कर दिया गया।
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशी देवकी बिष्ट को बराबर मत मिले। इसके बाद टॉस की प्रक्रिया अपनाई गई और किस्मत का पासा पलटते हुए देवकी बिष्ट जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर विजयी घोषित हुईं।
