नैनीताल: तल्लीताल थाना क्षेत्र में एक परिवार पर उस समय दुखों का पहाड़ टूट पड़ा जब उनकी बेटी शादी से सिर्फ 20 दिन पहले रहस्यमयी तरीके से घर से लापता हो गई।
परिवार ने धूमधाम से विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं निमंत्रण पत्र तक बंट चुके थे लेकिन अचानक हुई इस घटना ने परिवार को मानसिक रूप से तोड़ दिया है।
परिजनों के अनुसार, दिसंबर के दूसरे सप्ताह में युवती की शादी होनी थी। घर में सजावट, मेहमानों की सूची और अन्य तैयारियां चल रही थीं। लेकिन तीन दिन पहले युवती अचानक घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन के बाद भी कोई पता नहीं चल पाया।
समाजिक प्रतिष्ठा और लोकलाज के कारण परिवार तुरंत पुलिस के पास नहीं जा सका, लेकिन अंततः तीन दिन बाद तल्लीताल थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि युवती अपने प्रेमी के साथ फरार हो सकती है, हालांकि पुलिस जांच के बाद ही इस संबंध में कुछ कहने की बात कह रही है।
तल्लीताल थाना प्रभारी मनोज नयाल ने बताया कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया है और युवती की खोजबीन तेजी से की जा रही है। कई स्थानों पर पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही युवती का पता लगा लिया जाएगा।
