नैनीताल: लंबे समय से लंबित पंगूट–देचौरी मोटर मार्ग के अवशेष कार्य को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने सड़क निर्माण की दूसरी किस्त जारी कर दी है। इसके बाद क्षेत्र में सड़क कार्य तेज़ी से आगे बढ़ सकेगा।
स्थानीय विधायक सरिता आर्या ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह सड़क ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग थी। सड़क तैयार होने से दर्जनों गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
पहली किस्त: ₹3 करोड़ 26 लाख (निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया था), दूसरी किस्त: ₹4 करोड़ 63 लाख (अब शेष कार्य पूरा किया जाएगा)
मंडल महामंत्री हरीश राणा ने बताया कि पंगूट–कोटाबाग क्षेत्र अपनी नेचर वॉक, बर्ड वॉचिंग और कार्बेट पार्क के निकट होने के कारण विशेष आकर्षण रखता है। सड़क बनने से पर्यटन गतिविधियों में बढ़ोतरी होगी और स्थानीय लोगों को रोजगार मिलेगा।
कोटाबाग और बेतालघाट ब्लॉक के एक दर्जन से अधिक गांव सीधे इस मार्ग से लाभान्वित होंगे। भविष्य में यह सड़क कालाढूंगी–रामनगर–कोटाबाग से बेतालघाट, कैंची धाम और नैनीताल आने वालों के लिए भी एक आसान वैकल्पिक मार्ग बनेगी।
विधायक सरिता आर्या ने तल्लीताल–भवाली कैंट क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए 1 करोड़ से अधिक की राशि स्वीकृत करने के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।
