देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में राज्य स्थापना रजत जयंती समारोह का शुभारंभ करते हुए राज्य कर विभाग, उत्तराखंड द्वारा आयोजित ‘बिल लाओ, ईनाम पाओ’ योजना के अंतर्गत मेगा लकी ड्रॉ निकाला। इस अवसर पर कुल 1888 विजेता चयनित किए गए।
कार्यक्रम में नैनीताल जिले की सोनिया और टिहरी जिले के जसपाल रावत ने प्रथम पुरस्कार के रूप में एक-एक इलेक्ट्रिक कार जीती। मुख्यमंत्री ने दोनों विजेताओं से फोन पर बात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “‘बिल लाओ, ईनाम पाओ’ योजना राज्य में जारी रहेगी, इस नवाचार ने राजस्व संग्रहण को नई दिशा और ऊर्जा दी है। वर्ष 2022 में शुरू की गई यह योजना जनता की भागीदारी को कर प्रणाली से सीधे जोड़ने का सफल प्रयास है।”
कार्यक्रम में बताया गया कि अब तक 6.5 लाख बिलों के माध्यम से 263 करोड़ रुपये का लेनदेन अपलोड किया जा चुका है। इस योजना ने न केवल व्यापारियों में कर अनुपालन की संस्कृति को बढ़ावा दिया है बल्कि राज्य की राजस्व वृद्धि में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
इतने इनाम जीते
2 विजेताओं ने इलेक्ट्रिक कार
16 विजेताओं ने कार
20 विजेताओं ने ई-स्कूटर
50 विजेताओं ने मोटरसाइकिल
100 विजेताओं ने लैपटॉप
200 विजेताओं ने स्मार्ट टीवी
500 विजेताओं ने टैब
1000 विजेताओं ने माइक्रोवेव और अन्य पुरस्कार

