
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में 38वें राष्ट्रीय खेलों की अलग-अलग खेल स्पर्धाएं जारी हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया और उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
उत्तराखंड ने बनाया ऐतिहासिक रिकॉर्ड
उत्तराखंड ने 38वें नेशनल गेम्स की मेजबानी कर इतिहास रच दिया है। इस आयोजन में 35 खेल स्पर्धाओं में देशभर से करीब 10,000 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जो 3,674 पदकों के लिए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
वुशु में शानदार प्रदर्शन, अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने मार्शल आर्ट प्रतियोगिता वुशु में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक का सर्वश्रेष्ठ रिकॉर्ड बनाया है। प्रदेश को इस प्रतियोगिता में
1 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य पदक मिले हैं।
पहला पदक उत्तराखंड की बेटी ज्योति वर्मा ने कांस्य जीतकर दिलाया।
अचोम तपस ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया।
इलाबाम इटाली चानू, फेब्रिस देवी और हर्षित शर्मा ने रजत पदक जीते।
राष्ट्रीय पदक तालिका में उत्तराखंड टॉप 11 में पहुंच गया।
पिछले साल से कई गुना बेहतर प्रदर्शन
गोवा में हुए 2023 के नेशनल गेम्स में उत्तराखंड को वुशु में सिर्फ 1 कांस्य पदक मिला था, जो हर्षित शर्मा ने जीता था। लेकिन इस बार 12 पदक जीतकर राज्य ने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया।
सीएम धामी का खिलाड़ियों संग भोजन और उत्साहवर्धन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका मनोबल बढ़ाया और उनके साथ भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि उत्तराखंड के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पदक जीत सकें।